आगरा। पट्टी पचगई स्थित 30 मीटर चौड़ी मास्टर प्लान रोड के निर्माण के लिए आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) करीब 33.59 करोड़ रुपये खर्च करेगा। काम को तेजी से पूरा करने और लोगों को राहत पहुंचाने के लिए प्राधिकरण ने कार्य को दो हिस्सों में बांटकर निविदा आमंत्रित की है।
मुख्य अभियंता संजीव कुमार ने बताया कि पहले हिस्से के निर्माण के लिए 10.01 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, दूसरे हिस्से के निर्माण पर 23.57 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। दोनों ही कार्यों को एक से डेढ़ साल के बीच पूरा करने का लक्ष्य है। बताया कि 17 नवंबर तक निविदा आमंत्रित की जाएंगी। कार्य पूरा होने के बाद दो वर्ष तक किसी भी प्रकार की क्षति को ठीक करने की जिम्मेदारी संबंधित फर्म की होगी।