आगरा। छीपीटोला के टीला बालूगंज में पानी न आने से परेशान महिलाओं ने मंगलवार को सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन और जाम लगाया था। बुधवार को जलकल महाप्रबंधक ने पार्षद जयदीप सोनकर के साथ टीले का निरीक्षण किया। यहां बकरीद के बाद शुक्रवार को पानी की आपूर्ति के लिए 10 मीटर लाइन डाली जाएगी, जिसे दूसरी लाइन से जोड़ा जाएगा।
जलकल महाप्रबंधक संघ भूषण ने बताया कि छीपीटोला जोनल पंपिंग स्टेशन से टीला बालूगंज और छीपीटोला का क्षेत्र जुड़ा है। यहां टीलों के कारण ऊंचाई पर पानी का प्रेशर कम पहुंचता है, जिससे कुछ देर ही आपूर्ति मिल पाती है। महिलाओं के प्रदर्शन के बाद वह बुधवार को क्षेत्रीय पार्षद के साथ पहुंचे थे और समस्या के समाधान के लिए इंजीनियरों से व्यावहारिक विकल्प पूछे। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पानी पहुंचाने के लिए यहां से गुजर रही दूसरी लाइन से इंटरकनेक्शन का विकल्प सुझाया गया है। इस पर शुक्रवार को काम शुरू किया जाएगा। करीब 10 मीटर पाइप लाइन जोड़ी जाएगी, जिससे क्षेत्र में पानी पहुंचने लगेगा।
किशोरपुरा में गंदे पानी से नहीं मिली निजात
जगदीशपुरा के किशोरपुरा क्षेत्र में गंदे पानी की आपूर्ति की शिकायत का समाधान अब तक नहीं हुआ है। यहां नालों से गुजर रहीं पानी की पाइप लाइनों केे लीक होने के कारण घरों में आपूर्ति के समय आधे घंटे तक गंदा बदबूदार पानी पहुंच रहा है। क्षेत्रीय निवासी राजेश दिवाकर ने बताया कि दो माह से गंदे पानी की आपूर्ति से परेशान हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।