फतेहाबाद। आगरा रोड स्थित एक कबाड़ की दुकान में मंगलवार दोपहर कबाड़ के सामान को हथौड़े से पीटने के दौरान जबरदस्त धमाका हुआ। बालक सहित दो लोग गंभीर घायल हो गए। धमाके से लोग भाग खड़े। बाद में घायलों को अस्पताल भेजा गया। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से कोई विस्फोटक नहीं मिला है। विस्फोट आतिशबाजी में हो सकता है। जांच की जा रही है।
फतेहाबाद निवासी प्रदीप राठौर की आगरा रोड पर कबाड़ की दुकान है। यहां जाटवान कलां निवासी सनी और दस वर्षीय बृजेश काम करते हैं। मंगलवार दोपहर तकरीबन 12 बजे एक धातु के टुकड़े को बृजेश हथौड़े से पीटने लगा। अचानक जोरदार धमाका हुआ और चारों तरफ धुआं छा गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार दहशत में आ गए। पहले तह भाग खड़े हुए। बाद में उन्होंने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी पर पुलिस फोर्स पहुंची। गंभीर हालत होने पर बृजेश को आगरा रेेफर किया गया है। जांच के लिए बीडीएस टीम भी पहुंची। घटनास्थल के आसपास से लोहे के कुछ टुकड़े बरामद किए। उनकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि विस्फोट ज्यादा घातक नहीं था। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि किसी आतिशबाजी में विस्फोट हुआ है। जो टुकड़े मिले हैं वह भी सेना के उपयोग में आने वाले किसी सेल के नहीं है। वह आतिशबाजी में प्रयोग किए जाने वाले लग रहे हैं।
कबाड़ से निकालते हैं पीतल
कबाड़ के सामान से पीतल निकालते हैं। उसकी अच्छी रकम मिलती है। धातु की वस्तु मिलने पर उसे हथौड़े से पीटते हैं।
गोबर चौकी में जा चुकी है जान
बता दें, गोबर चौकी में बड़े स्तर पर कबाड़ सामान का व्यापार होता है। कई साल पूर्व यहां पर एक मोर्टार सेल मेें विस्फोट से कबाड़ व्यापारी की जान चली गई थी।
इसी रोड से निकाले गए ताजिए
घटना के बाद लापरवाही वाला रवैया अपनाया गया। पुलिस तैनात कर दी गई। ताजियों के जुलूस भी यहां से निकाले गए।