आगरा। जब सर्दी ने दस्तक दी तब सरकार को आश्रयहीन गरीबों की याद आई। लोहामंडी जोन में प्रस्तावित नए शेल्टर होम और शहर में मौजूदा शेल्टर होम के अपग्रेडेशन की योजना को मंजूरी दी गई। इसके लिए 184.94 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं।
नगर निगम ने लोहामंडी में नया शेल्टर होम बनाने का प्रस्ताव दिया था। इस पर शासन ने 94.42 लाख रुपये निर्माण के लिए और 5.99 लाख रुपये की दर से पांच साल के लिए 29.64 लाख रुपये शेल्टर होम के संचालन की व्यवस्था पर खर्च करने के लिए जारी किए हैं। इसी तरह शेल्टर होम अपग्रेडेशन के लिए 60.58 लाख रुपये की किश्त जारी की गई है। इसमें 30.64 लाख रुपये निर्माण कार्य और 5.99 लाख रुपये की दर से पांच वर्षों के लिए 29.94 लाख की राशि दी गई है। यह शेल्टर होम जी प्लस टू के आधार पर बनेंगे। प्रत्येक तल पर तीन शौचालय और बाथरूम की व्यवस्था रहेगी। आश्रय स्थल में रहने वालों के लिए बेड/तखत, सेल्फ नंबर अंकित किए जाएंगे। महिलाओं और परिवार के लिए अलग कक्ष की व्यवस्था होगी। किचन भी अलग ही रहेगा। शुरूआत में नगर निगम ही शेल्टर होम का संचालन करेगा, उसके बाद शहर की सामाजिक संस्थाओं जैसे लायंस क्लब आफ आगरा और एक्शन पाइंट समिति लखनऊ को संचालन का जिम्मा सौंपा जाएगा।