आगरा। शहर के पर्यटन संगठनों ने जिले के दोनों सांसदों का रविवार रात फतेहाबाद रोड स्थित होटल में सम्मान किया। सम्मान से अभिभूत सांसद रामशंकर कठेरिया ने पर्यटन उद्यमियों से वादा किया कि एक साल के अंदर सिविल टर्मिनल बनवा दिया जाएगा और देश के बड़े छह शहरों से आगरा को हवाई सेवा के जरिए जोड़ा जाएगा। शहर को ट्रैफिक जाम से बचाने के लिए प्रस्तावित पांचों फ्लाई ओवर का काम जल्द शुरू होगा।
होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन अध्यक्ष राकेश चौहान ने कहा कि शहर में ट्रैफिक जाम से निजात मिले और ताजमहल के पास बुनियादी सुविधाओं में इजाफा किया जाए। फेडरेशन ऑफ ट्रेवल एसोसिएशन अध्यक्ष राजीव तिवारी ने कहा कि हेरिटेज कॉरीडोर पर हरियाली विकसित की जाए और स्मारकों के पास नई व्यावसायिक गतिविधियों को इजाजत न दी जाए। सचिव संदीप अरोड़ा ने फ्लाई ओवरों के निर्माण, पथकर का टिकट दो दिन में मान्य करने, ई-टिकटिंग की सुविधा शुरू करने की मांग उठाई। सांसद प्रो. रामशंकर कठेरिया और फतेहपुर सीकरी के सांसद चौ. बाबूलाल ने पर्यटन उद्यमियों को भरोसा दिलाया कि आगरा के पर्यटन विकास पर मोदी सरकार गंभीर है। 12 जुलाई को पर्यटन मंत्री के आगरा आने की संभावना है। समस्याओं का हल कराने का प्रयास किया जाएगा। सम्मान समारोह में आगरा टूरिस्ट वेलफेयर चैंबर अध्यक्ष प्रह्लाद अग्रवाल, एप्रूव्ड गाइड एसो. अध्यक्ष संजय शर्मा, टैक्सी एसो. अध्यक्ष वकील कुरैशी सहित बड़ी तादात में पर्यटन संस्थाओं के सदस्य मौजूद रहे।