बाह। शोहदे की हरकत से तंग छात्रा को जब पुलिस से भी न्याय न मिला तो अपनी इज्जत के लिए उसने पढ़ाई छोड़ना बेहतर समझा। बाह की छात्रा से गैंगरेप की घटना उजागर होने के बाद उसे हिम्मत मिली और वह मंगलवार को सीओ कार्यालय पहुंची। सीओ ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
खेड़ा राठौर के एक गांव निवासी छात्रा कस्बे के ही इंटर कॉलेज में 12वीं की छात्रा है। उसके मुताबिक पिछले तकरीबन एक माह से उसे इलाके का ही एक शोहदा परेशान कर रहा था। आते जाते अक्सर उस पर फब्तियां कसता था। पहले तो उसने सामान्य लिया लेकिन जब उसकी हरकतें बढ़ गईं तो उससे रहा नहीं गया और पिता को इसकी जानकारी दी। छात्रा के मुताबिक इसी बीच तकरीबन 15 दिन पूर्व वह कॉलेज से घर लौट रही थी। रास्ते में शोहदे ने उसका हाथ पकड़ लिया और खींचकर ले जाने लगा। इस पर छात्रा ने शोर मचा दिया, यह देख आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपी भाग गया। घटना के बाद पिता-पुत्री ने थाने जाकर पुलिस घटना की तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने उन्हें आश्वासन तो दे दिया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। इधर, शोहदे की हरकतें बढ़ती ही गईं। नतीजतन उसने कॉलेज जाना छोड़ दिया। चित्राहाट में नाबालिग छात्रा के साथ हुई गैंगरेप की घटना के उजागर होने के बाद उसे हिम्मत मिली और पिता-पुत्री मंगलवार को सीओ बाबूलाल से मिले। पिता ने जब पुत्री से छेड़छाड़ की घटना की कहानी बयां की तो सीओ भी हैरान रह गए। उन्होंने खेड़ा राठौर पुलिस को तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। सीओ के मुताबिक आरोपी युवक को तत्काल गिरफ्तार करने को कहा गया है।