आगरा। किरावली बार के पूर्व अध्यक्ष केदार सिंह की हत्या से अधिवक्ताओं में पनपा आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को सपा अधिवक्ता सभा के प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी से मिलकर हत्यारोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। वहीं आगरा बार की बैठक में आरोपियों पर रासुका तामील करने की मांग उठाई गई।
सपा जिला अधिवक्ता सभा की बैठक शुक्रवार को सपा कार्यालय पर आयोजित की गई। इसमें केदार सिंह की हत्या पर शोक जताया गया। इसके बाद अधिवक्ताओं का प्रतिनिधिमंडल एसएसपी सुभाषचंद्र दुबे से मिला। सभा के जिलाध्यक्ष उमेशचंद्र यादव ने केदार सिंह के हत्यारों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। इस मौके पर जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, गगन शर्मा, मुनेंद्र जादौन, शाहिद, कमलेंद्र कुशवाह, दिनेश चौहान, शंभूनाथ वर्मा, रतनेश यादव मौजूद रहे। वहीं आगरा बार एसोसिएशन की बैठक में अधिवक्ता केदार सिंह की हत्या पर शोक जताया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने 36 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी। बार काउंसिल के सदस्य प्रवीन कुमार सिंह व दरवेश सिंह ने कहा कि काउंसिल इस मामले को लेकर गंभीर है। शोकाकुल परिवार को आर्थिक मदद और आरोपियों पर रासुका की कार्रवाई की जाए। बैठक में एमके अग्रवाल, उमेश कुलश्रेष्ठ, अनिल तिवारी, हेमंत भारद्वाज, अनिल शर्मा, कमलेश तिवारी, रामदरवेश यादव, केशव वशिष्ठ आदि मौजूद थे।