फतेहपुर सीकरी। भारत सरकार के मुख्य चुनाव आयुक्त वीएस संपत ने रविवार को अपने परिवार के साथ सीकरी के स्मारकों को निहारा। इस दौरान उन्होंने हजरत शेख सलीम चिश्ती की दरगाह में चादरपोशी कर मत्था भी टेका।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त वीएस संपत रविवार दोपहर तकरीबन एक बजे अपने परिवार के साथ सीकरी पहुंचे। उन्होंने यहां विश्वदाय स्मारकों को निहारा। इस दौरान वीआईपी गेट पर उनकी आगवानी एसडीएम एमपी सिंह और सीओ विवेक त्रिपाठी ने की। वे उन्हें दीवाने आम, दीवाने खास, अनूप तालाब, पंचमहल, जोधाबाई पैलेस, बीरबल पैलेस, टर्की सुल्ताना आदि स्मारक ले गए। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने मुगलिया तामीर की जमकर सराहना की और गाइड से जानकारी भी ली। इसके बाद वे हजरत शेख सलीम चिश्ती की दरगाह पर पहुंचे। जहां उन्होंने मत्था टेक चादरपोशी की और अमन चैन की दुआ की। पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि मतदाता को जागरुक करने के लिए मीडिया की अहम भूमिका है। इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐसा डाटा तैयार कराने के लिए वह प्रयत्नशील हैं जिसमें ग्राम पंचायतों, नगर पंचायतों, स्थानीय निकाय, विधानसभा और लोकसभा सभी का ब्योरा एक साथ उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों में पूरे देश में एकरूपता लाने के लिए इसमें संशोधन की आवश्यकता है। इस दौरान उनके साथ सज्जादे सैफ फरीदी, बदरुद्दीन कुरैशी, अनवार कुरैशी, बाबू भाई आदि मौजूद थे।