बाह। राशन के गेहूं की कालाबाजारी के काले खेल का खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने छापा मारकर भंडाफोड़ किया है। कैंटर समेत 90 कुंतल गेहूं को जब्त कर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं छापे के दौरान कोटेदार भागने में सफल रहा।
राशन के गेहूं की कालाबाजारी का काला खेल बाह क्षेत्र में खूब फल फूल रहा है। कार्डधारकों के हक को बाजार में बेचे जाने के खेल का शुक्रवार को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने जैतपुर के फतेहपुरा गांव में छापा मारकर किया। जिला पूर्ति अधिकारी और एसडीएम के निर्देश पर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी एमसी गौतम, फतेहाबाद के आपूर्ति निरीक्षक वीरेंद्र सिंह चाहर की टीम ने पुलिस के साथ फतेहपुरा के कोटेदार के यहां छापा मारा। उस वक्त कोटेदार के यहां से वारदाना बदलकर राशन के गेहूं का लदान कैंटर में किया जा रहा था। कुछ बोरे कैंटर में लदे थे। जबकि कुछ कोटेदार के यहां पड़े थे। छापामार कार्रवाई के दौरान कोटेदार भागने में सफल रहा। छापेमारी के बाद क्षेत्री खाद्य अधिकारी ने बताया कि राशन का गेहूं कालाबाजारी के लिए ले जाया जा रहा था। उसे जब्त कर लिया गया है।
दूसरे कोटेदार की है गाड़ी
कालाबाजारी के लिए ले जाए जा रहे गेहूं के साथ पकड़ी गई कैंटर दूसरे कोटेदार की है। कालाबाजारी में और भी कोटेदारों का गेहूं शामिल हो सकता है। यह खेल जैतपुर के अलावा बाह में भी सक्रिय है।