सहावर। चांड़ी मार्ग पर रोड होल्डअप की वारदात के बाद पुलिस विभाग की नींद उड़ी हुई है। पुलिस घटना के खुलासे में जुटी हुई है। गिरफ्तार किए गए संदिग्धों के इशारों पर बदमाशों के ठिकानों की तलाश की जा रही है। एटा, बदायूं और मथुरा में भी पुलिस ने दबिशें दीं हैं, लेकिन अभी तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है। हांलाकि पुलिस दावा कर रही है कि जल्द घटना का खुलासा कर देंगे।
मंगलवार सुबह कासगंज से सहावर की ओर जा रहीं रोडवेज की तीन बसों को बदमाशों ने लूटने का प्रयास किया। कैंटर चालक को गोली मारकर व्यापारी से 50 हजार रुपये भी लूटे। रोड होल्डअप की इस वारदात के बाद एसपी अशोक कुमार शुक्ल ने जिले में सतर्कता बढ़ा दी और घटना के खुलासे के लिए 4 टीमें गठित कीं। यह टीमें खुलासे में जुटी हुईं हैं। कई संदिग्ध हिरासत में लिए गए है। पुलिस को कुछ हद तक सफलता भी मिलती नजर आ रही है। क्योंकि हिरासत में लिए गए संदिग्धों ने बदमाशों के ठिकानों की ओर इशारा किया है। इन्हीं इशारों पर पुलिस बदमाशों के ठिकाने तलाश कर रञी है। एटा, बदायूं और मथुरा में भी पुलिस की टीमें दबिशें देने पहुंची हैं। हालांकि गुरुवार शाम तक पुलिस को सफलता हाथ नहीं लगी, लेकिन पुलिस दावा कर रही है कि सफलता की ओर बढ़ रहे हैं। जल्द ही घटना का खुलासा होगा।
खाकी के पहरे के बीच गुजर रहे वाहन
कासगंज। घटना के बाद कासगंज-चांडी मार्ग पर पुलिस का पहरा बढ़ा दिया गया है। कासगंज से सहावर की ओर जाने वाले वाहन खाकी के कड़े साए में गुजर रहे हैं। इसके अलावा परिवहन निगम ने भी व्यवस्थाओं में बदलाव किया है। सभी चालकों को निर्देश दिए हैं कि वे कासगंज के आने के बाद ग्रामीण अंचल के लिए एक साथ निकलें। जिससे वाहनों की संख्या अधिक होने से वारदात का डर कम रहे।
- घटना के खुलासे के लिए लगाईं गईं टीमें सफलता की ओर हैं। पड़ोसी जनपदों में भी दबिशें दी गईं हैं। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा- अशोक कुमार शुक्ल, एसपी।