फिरोजाबाद। स्वच्छता जागरूकता के लिए जिले में अनूठी पहल हुई। विश्व शौचालय दिवस पर सोमवार को ओडीएफ गांव वाजिदपुर में शौचालय संसद का आयोजन हुआ। संसद में स्वच्छता से जुडे़ छह प्रस्तावों को पास किया।
नीति आयोग के सचिव (सीईओ) अमिताभ कांत घोष, स्वच्छता एवं पेयजल मंत्रालय के सचिव परमेश्वर अय्यर ने खुद अपने हाथों से शौचालय का पिट कवर खोला। डीएम नेहा शर्मा की अगुवाई में विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर गांव वाजिदपुर-कुतुकपुर में शौचालय संसद आयोजित हुई।
नीति आयोग के सीईओ सभापति की भूमिका में नजर आए। लोगों ने शौचालय के प्रयोग एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिहाज से आयोजित कार्यक्रम के दौरान संसद ने खुले में शौच से मुक्ति, कूड़ा-कचरा नहीं फेंकने एवं पॉलीथिन के प्रयोग नहीं करने संबंधी छह प्रस्तावों को संसद की मंजूरी मिली।
वाजिदपुर-कुतुकपुर में महिलाओं ने खुले में शौच से मुक्ति एवं शौचालय निर्माण के लिए कठिन श्रम किया। सीपादेवी, विनीता, कुसुमलता, सुमित्रा, रचनादेवी एवं अंबुज देवी ने खुले में शौच नहीं जाने से रोका। वहीं घर-घर जाकर महिलाओं व युवतियों को भी खुले में शौच से होने वाली हानियों को समझाया।
सीईओ अमिताभ कांत घोष , स्वच्छता एवं पेयजल मंत्रालय के सचिव परमेश्वर अय्यर ने एसबीएम लाभार्थी गुड्डी देवी को आवंटित शौचालय की डबल पिट के पहले गड्ढे का ढक्कन खोला। दोनों वरिष्ठ आईएएस ने शौचालय पिट से जैविक खाद को बाहर निकाला।
जैविक खाद को काला सोना का नाम देते हुए अधिकारी द्वय ने किसानों को अपने-अपने शौचालयों को डबल पिट में परिवर्तित कर जैविक खाद निर्माण का संदेश दिया।
जिले में स्वच्छता की असलियत परखने आए केंद्र सरकार के दूतों ने उत्कृष्ट प्रयासों के लिए डीएम नेहा शर्मा, सीडीओ नेहा जैन, बीडीओ प्रभात मिश्रा के प्रयासों की प्रशंसा की।
इसके अतिरिक्त ग्राम प्रधान प्रतिभा देवी के अतिरिक्त ग्रामीणों व परिजनों को स्वच्छता की सीख देने वाले परिषदीय स्कूल के बच्चों के मंत्री मंडल जिनमें प्रधानमंत्री रोशनी व उनके कैबिनेट में शामिल राखी, उमा, प्रीति ,अंजली एवं आक्रोश नामक छात्र को मंच पर सम्मानित किया।