कासगंज। शिक्षा विभाग में तमाम माफिया ने सेंध लगा दी है। कहीं फर्जीवाड़ा कर छात्रवृत्ति हड़पी जा रही है, तो कहीं बिना मान्यता के ही स्कूल चलाए जा रहे हैं। खंड शिक्षा अधिकारी ने अवैध स्कूल संचालन पर प्रबंधकों के खिलाफ मुकदमा कराने को पत्र लिखा है।
शासन ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि जिले में अवैध रूप से संचालित स्कूलों पर अंकुश लगाएं। ऐसे स्कूल संचालक जो स्वयं की मान्यता पर दूसरे स्कूलों को संरक्षा दे रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई करें। माध्यमिक शिक्षा विभाग पहले ही 16 स्कूल प्रबधंकों के खिलाफ मुकदमा लिखा चुका है। अब बेसिक शिक्षा विभाग ने अमांपुर विकासखंड क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है।
बीएसए अंजली अग्रवाल ने टीम बनाकर अभियान शुरू कराया है। खंड शिक्षाधिकारी प्रमोद कुमार ने छह स्कूल संचालकों पर मुकदमा दर्ज कराने के लिए बीएसए को पत्र लिखकर संस्तुति की है। बिना मान्यता के ये संचालक स्कूल चला रहे थे। सभी स्कूलों को बंद कराते हुए विद्यार्थियों को संबंधित गांव के परिषदीय स्कूल में समायोजित करा दिया है।
लगाया जा चुका है जुर्माना
बेसिक शिक्षा विभाग ने पहले भी कार्रवाई की है। दो माह पूर्व कासगंज क्षेत्र के बेरी में अवैध स्कूल संचालन पर एक प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था व एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था।
-क्षेत्र में अभियान चलाकर छह स्कूलों को चिन्हित किया था। इनमें तीन स्कूल ऐेसे हैं, जो पहले बंद कराए गए थे, लेकिन उनके संचालकों ने स्थान बदलकर फिर से संचालन शुरू कर दिया। उन पर मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।
-पीके सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी अमांपुर।