लंबे समय से चल रही लेखपालों की हड़ताल को लेकर शासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। शासन ने एस्मा लागू कर दिया है। एस्मा लागू होते ही जिला प्रशासन भी सख्त हो गया। मंगलवार को लेखपाल संघ के पदाधिकारियों सहित 12 लेखपालों को निलंबित कर दिया है। प्रशासन की कार्रवाई से हड़ताली लेखपालों के बीच खलबली मची हुई है।
जिले में 19 जून से वेतन, पेंशन, भत्ते आदि की मांगों को लेकर लेखपाल हड़ताल पर चल रहे हैं। पहले तहसील मुख्यालयों पर लेखपाल धरना दे रहे थे। इसके बाद जिला मुख्यालय पर भी लेखपालों ने धरना देकर प्रदर्शन किया। लेखपालों का सरकार पर आरोप है कि पूर्व में हुई समझौता वार्ता के अनुसार सरकार ने आश्वासन के बाद संघ की मांगे नहीं मानी। शासन पूरी तरह ने वादाखिलाफी की है। लेखपालों की हड़ताल से पूरे जिले में सरकारी कामकाज पर काफी असर है। लोग आय, जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए भटक रहे हैं। 4 हजार से अधिक आवेदन लंबित पड़े हैं। यहां तक की शासन की प्राथमिकता के आईजीआरएस पोर्टल की शिकायतें भी निस्तारित नहीं हो रहीं। इन्हीं बातों को आधार मानकर इस कार्रवाई को किया गया है।
कासगंज तहसील में एसडीएम देवेंद्र प्रताप सिंह ने तीन लेखपाल पदाधिकारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की। निलंबित किए गए लेखपालों में जिलाध्यक्ष महाराज सिंह, नाहर सिंह एवं प्रदीप को निलंबित किया गया है। सहावर में एसडीएम कृपाशंकर ने लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष रामौतार सिंह, सचिव शैलेंद्र कुमार और विनय कुमार सक्सेना को निलंबित किया है।
वहीं पटियाली तहसील में एसडीएम धीरेंद्र कुमार ने लेखपाल जगवीर सिंह, राजवीर सिंह, प्रमोद पाराशर, विवेक, रघुराज, अनुपम वशिष्ठ को निलंबित किया है।
हड़ताल रहेगी जारी
कासगंज। लेखपाल संघ के तहसील सचिव प्रदीप सक्सेना ने प्रशासन के द्वारा की गई लेखपालों के खिलाफ की कार्रवाई निंदनीय है। लेखपालों का आंदोलन निरंतर जारी रहेेगा। इस तरह की कार्रवाई से न तो पदाधिकारी पीछे हटेंगे और न ही लेखपाल।
कानूनगो लेखपाल के पटल का कार्य नहीं करेंगे
कासगंज। कानूनगो संघ के अध्यक्ष राजवीर सिंह का कहना है कि कानूनगो संघ ने निर्णय किया है कि लेखपालों के पटल का कोई भी कार्य कानूनगो नहीं करेंगे।
सदर तहसील के तीन लेखपाल किए निलंबित
एटा। जलेसर में तीन लेखपाल निलंबित किए जाने के बाद सदर तहसील में भी तीन लेखपाल निलंबित कर दिए गए है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि आय जाति प्रमाण पत्र पर रिपोर्ट न लगाने, सरकारी कार्य में लापरवाही बरतने और एक्सा का अनुपालन न किए जाने को लेकर लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष नेम सिंह, तहसील अध्यक्ष सत्यवीर सिंह, तहसील मंत्री नरसिंह पाल को निलंबित कर दिया गया है।
सरकारी कार्य में लापरवाही पर तीन लेखपाल निलंबित
जलेसर। मंगलवार को उपजिलाधिकारी रामशंकर ने लेखपाल सुरेश चंद्र जिलामंत्री, विजेंद्र पाल लेखपाल संघ के अध्यक्ष, पवन कुमार महामंत्री को निलंबित कर दिया है। तहसीलदार की रिपोर्ट पर की गई कार्रवाई में बताया गया है कि तीनों लेखपालों ने सरकारी कार्य में लापरवाही बरती है। साथ ही आंदोलन के लिए दूसरे लेखपालों को भड़काने का काम किया है। जनहित गारंटी योजना के तहत आय जाति एवं निवास प्रमाण पत्रों पर रिपोर्ट अंकित न करने, आईजीआरएस, संपूर्ण समाधान दिवस के शिकायती पत्रों की जांच कर निस्तारण भी नहीं किया है