एटा। प्रेम संबंध में बाधक बनने पर किसान ग्याप्रासाद की हत्या की गई थी। पुलिस ने मृतक के रिश्तेदार सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
थाना पिलुआ क्षेत्र के गांव बरिगमा निवासी ग्याप्रसाद की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक के रिश्तेदार रामचंद्र निवासी घिनौना ढोलना कासगंज और उसके बहनोई प्रवीन पुत्र केहरसिंह निवासी देवीपुर थाना सिकंदराराऊ हाथरस को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी ग्या प्रसाद रामचंद्र का ममिया ससुर था। खुलासा करते हुए एएसपी संजय कुमार ने कहा कि रामचंद्र एक लड़की से प्यार करता था। इसका ग्याप्रसाद विरोध करता था।
प्रेम में बाधक बनने पर रामचंद्र ने प्रवीन के साथ मिलकर कुल्हाड़ी से ग्याप्रसाद की हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली गई है। बता दें कि तीन जून को मृतक ग्याप्रसाद अपने खेत पर खरबूजे की फसल की रखवाली कर रहा था। इस दौरान उसकी हत्या कर दी गई थी।
-------
नामजदगी से हटकर हुई कार्रवाई
एटा। फसल की रखवाली करते समय किसान ग्याप्रसाद की हत्या के मामले में मृतक के बेटे ने गांव के चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हालांकि पुलिस ने अन्य बिंदुआें
पर विवेचना की। नामजद निर्दोष लोगों को पुलिस ने बचाते हुए आरोपियों को जेल भेजा।