फिरोजाबाद। 12,460 शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में जिस महिला अभ्यर्थी को नियुक्ति पत्र दिलाने के लिए भाजपा विधायक ने सिफारिश की थी मंगलवार को जांच कमेटी ने उस महिला अभ्यर्थी का आवेदन ही निरस्त कर दिया। महिला अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए डीएम कार्यालय पहुंची। हालांकि उस महिला को काउंसलिंग में शामिल नहीं किया गया।
बेसिक शिक्षा विभाग में भर्ती प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही नियुक्ति पत्र का वितरण किया जाना है। एक भाजपा विधायक एक महिला अभ्यर्थी को नियुक्ति पत्र दिलाने की सिफारिश में बीएसए कार्यालय पहुंचे थे। मंगलवार को काउंसलिंग प्रक्रिया ब्लाक संसाधन केंद्र दबरई पर आयोजित थी। वह महिला अभ्यर्थी भी काउंसलिंग कराने के लिए पहुंची।
मगर भर्ती प्रक्रिया की कमेटी ने महिला की काउंसलिंग कराने से इंकार कर दिया। शासनादेश के अनुसार 15 दिसंबर 2016 तक अभ्यर्थी स्नातक, बीएड या बीटीसी, टीईटी में उत्तीर्ण होना चाहिए था। मगर उस महिला अभ्यर्थी ने 17 मार्च 2017 को टीईटी उत्तीर्ण किया है। अभिलेख देखने के बाद कमेटी ने उस महिला के आवेदन को ही निरस्त कर दिया। बीएसए विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि महिला अभ्यर्थी का आवेदन शासनादेश से अलग था। इसलिए आवेदन निरस्त करना पड़ा।
ब्लाक संसाधन केंद्र पर शिक्षक भर्ती प्रक्रिया की काउंसलिंग हुई। महिला अभ्यर्थियों से विकल्प पत्र भरवाए गए। वहीं, विकलांग अभ्यर्थी ने भी विकल्प भरे। 36 महिलाएं एवं तीन विकलांग अभ्यर्थी थे। जिन स्कूलों में शिक्षामित्र तैनात है, उन स्कूलों में नवनियुक्त शिक्षक भेजे जाएंगे।