फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सफाई कर्मी को गोली मारी, घायल, शहर पर भड़का आक्रोश

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

कासगंज। सड़क और गलियों की सफाई के दौरान कूड़ा उठाने को लेकर हुए विवाद ने मंगलवार सुबह तूल पकड़ लिया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट और पथराव हो गया। तभी आरोपियों ने तमंचे से फायरिंग कर दी। फायरिंग में एक गोली सफाई कर्मी को लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इधर, घटना के बाद आक्रोशित सफाईकर्मियों और वाल्मीकि समाज के लोगों ने कोतवाली का घेराव कर जमकर हंगामा किया और सड़कों पर जाम लगा दिया। इस दौरान कई स्थानों पर सफाईकर्मियों ने सड़कों पर कूड़ा फैला दिया।

सूचना पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर मामले को शांत करा जाम खुलवाया। मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इधर, सफाई कर्मियों के आक्रोश के चलते लोगों में दहशत फैल गई और सुबह काफी देर तक बाजार भी नहीं खुले।
विज्ञापन



मोहल्ला जयजयराम निवासी सफाईकर्मी सोनू (25) पुत्र बुद्धसेन ट्रैक्टर में सफाईकर्मियों की टोली के साथ था। उसकी टोली में सफाई कर्मी बृजेश एवं मुकेश भी थे। ट्रैक्टर वासिफ हुसैन चला रहा था। सुबह करीब आठ बजे फूल वाली गली जामा मस्जिद के पास रहने वाले रिंकू ठाकुर, जितेंद्र, शंकर पुत्रगण विजेंद्र सोलंकी उर्फ पुजारी से सफाई कर्मियों का कूड़ा उठाने को लेकर विवाद हो गया। रिंकू और उसके भाइयों ने गालीगलौज कर दी। सफाईकर्मियों ने विरोध किया तो आरोपियों ने मारपीट कर दी। इस दौरान दोनों ओर से पथराव किया गया।

पथराव में फूलवाली गली से गुजर रहा युवक जाकिर पुत्र अल्लाद्दीन घायल हो गया। तभी रिंकू ने तमंचा निकालकर सोनू को गोली मार दी। गोली सोनू के पेट से रगड़ते हुए हाथ में लगी। इधर, फायरिंग करते हुए आरोपी फरार हो गए। घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां से सोनू को अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।


इधर, घटना की जानकारी पर बड़ी संख्या में सफाई कर्मी और वाल्मीकि समाज के लोग कोतवाली पहुंच गए। कोतवाली का घेराव कर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारी पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा रहे थे। कुछ ही देर में शहर में सफाई कार्य कर रहे ट्रैक्टर भी कोतवाली पहुंच गए। सफाई कर्मियों ने बिलराम गेट से बाराद्वारी एवं सोरों गेट इलाके में सड़कों पर कूड़ा डाल दिया। इसके बाद बिलराम गेट चौराहा और सोरों गेट पर सफाईकर्मियों ने जाम लगा दिए। आक्रोशित लोग जुलूस निकालते हुए नारेबाजी कर रहे थे। फावड़े, झाड़ू लेकर सर्कुलर रोड, सोरों गेट, बाराद्वारी, बिलराम गेट पर प्रदर्शन करते रहे। दो घंटे तक बिलराम गेट एवं सोरों गेट पर जाम के हालात रहे।

सूचना पर एडीएम राकेश कुमार, एसडीएम देवेंद्र प्रताप, सीओ बीएसवीर कुमार, तहसीलदार एनराम एवं पुलिस के थाना प्रभारियों ने सफाई कर्मियों से वार्ता की और कार्रवाई का भरोसा देकर जाम खुलवाया। सफाई कर्मियों ने जाम तो हटा दिया, लेकिन हड़ताल वापस नहीं ली। सफाईकर्मियों ने एलान किया सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने और घायल सफाईकर्मी को मुआवजा नहीं मिलने तक हड़ताल जारी रहेगी।
विज्ञापन


बाद में आंदोलनकारी सफाईकर्मियों ने नगरपालिका परिसर में हंगामा करते हुए कार्यालयों में ताला बंदी करा दी। सूचना पर पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि राजवीर साहू, ईओ आरपी श्रीवास्तव ने सफाई कर्मियोंको मदद का भरोसा देकर पालिका कार्यालयों के ताले खुलवाए। मामले में कोतवाली पुलिस ने रिंकू ठाकुर, जितेंद्र, शंकर के खिलाफ मामला दर्ज कर रिंकू को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें