मैनपुरी। पॉलीटेक्निक की संयुक्त प्रवेश परीक्षा जनपद के पांच केंद्रों पर कड़ी निगरानी के बीच दो पालियों में आयोजित की गई। इस दौरान पंजीकृत 2865 परीक्षार्थियों में से 2445 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य यूएस यादव और जोनल मजिस्ट्रेट एसडीएम सदर अमित सिंह परीक्षा की निगरानी में लगे रहे। पॉलीटेक्निक की संयुक्त प्रवेश परीक्षा के लिए जनपद में पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
प्रथम पाली में नगर के आरसी कन्या इंटर कॉलेज पर 500 परीक्षार्थियों में से 80 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे, जबकि 420 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, डीएवी इंटर कॉलेज पर 400 में से 62 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे जबकि 338 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, गंगा सहाय कन्या इंटर कॉलेज पर 500 में से 69 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे, जबकि 431 परीक्षार्थी उपस्थित हुए।
क्रिश्चियन इंटर कॉलेज पर 500 में से 85 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे, 415 परीक्षार्थी उपस्थित हुए। श्री चित्रगुप्त इंटर कॉलेज पर 320 परीक्षार्थी में से 44 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे वहीं 276 परीक्षार्थी उपस्थित हुए। द्वितीय पाली में कुंवर आरसी कन्या इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर 645 परीक्षार्थियों में से 80 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे जबकि 565 परीक्षार्थी उपस्थित हुए।
प्रथम पाली की परीक्षा सुबह नौ बजे से 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से 5:30 बजे तक आयोजित की गई। परीक्षा की निगरानी के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट जिला प्रशासन की तरफ से तैनात किया गया था। पॉलीटेक्निक की तरफ से मनोज कुमार को जोलन अधिकारी बनाया गया था, जबकि प्रधानाचार्य पॉलीटेक्निक की तरफ से पांच केंद्र पर एक-एक केंद्र प्रभारी नियुक्ति किया गया था। प्रथम पाली में उमेश चंद्रा, आरबी सिंह, भूपेंद्र रतन, धर्मेंद्र कुमार और नवनीत यादव केंद्र प्रभारी के रूप में तैनात रहे।