वृंदावन (मथुरा)। ठाकुर बांकेबिहारी महाराज सेवा शताब्दी महोत्सव के अंतर्गत शनिवार को लाला हरगूलाल बेरीवाल का 49वां स्मृति उत्सव गांधी मार्ग स्थित बिहारीजी का बगीचा में मनाया गया।
मलूकपीठाधीश्वर महंत राजेंद्रदास देवाचार्य महाराज ने कहा कि ठाकुर बांकेबिहारी महाराज को शृंगार, राजभोग और शयन भोग सेवा के अंतर्गत प्रसाद अर्पण की परंपरा 99 वर्ष पूर्व फिलौरा दोज के दिन ही 1919 में लाला हरगूलाल ने प्रारंभ की थी। जो आजतक अनवरत रूप से जारी है।
अध्यक्षता करते हुए गोलोकधाम पीठाधीश्वर स्वामी गोपालशरण देवाचार्य ने कहा कि ठाकुर बांकेबिहारी के साथ ब्रजवासियों के लिए भी कई सेवा प्रकल्प बेरीवाल परिवार द्वारा ब्रजक्षेत्र में संचालित किए जा रहे हैं। इससे पूर्व बगीचा मेें गोरीलाल कुंज के संतों द्वारा समाज गायन किया गया। अनुराग कृष्ण पाठक, राधाकृष्ण पाठक, डॉ. भागवत कृष्ण नागिया, विनीत बेरीवाला, पुनीत बेरीवाला, गोविंद कृष्ण पाठक, छोटेलाल शर्मा, रमाकांत बाजौरिया, विक्रम भुवालका, चंपालाल भुवालका उपस्थित थे।
सजाया गया मंदिर परिसर
बांकेबिहारी मंदिर सहित लाला हरगूलाल की हवेली पर भी विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान व कार्यक्रम संपन्न हुए। भक्तों ने हवेली से बांकेबिहारी मंदिर तक पूरे मार्ग सहित परिसर को रंगबिरंगे गुब्बारों से सजाया गया। वहीं, आराध्य ठाकुर बांकेबिहारी महाराज को बेरीवाला परिवार की ओर से चांदी के थालों में विशेष भोग प्रसादी अर्पित की गई।