फिरोजाबाद। बालू का अवैध रूप से भंडारण करने वालों पर शनिवार को जिला प्रशासन ने शिकंजा कस दिया। रसूलपुर व रामगढ़ क्षेत्र के तहत नए बाईपास पर 35-40 दुकानों पर अवैध बालू की पैमाइश कराकर मौके पर सीज करने की कार्रवाई की गई।
डीएम नेहा शर्मा के निर्देश पर जिला व पुलिस प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से बालू का अवैध भंडारण करने वालों पर शिकंजा कसा गया। सिटी मजिस्ट्रेट शीतला प्रसाद यादव, सीओ सिटी डा. अरुण कुमार, थानाध्यक्ष रसूलपुर, रामगढ़, खजिन इंस्पेक्टर व राजस्व विभाग की टीम ने रसूलपुर थाने से अभियान शुरू किया। थाना रसूलपुर के अंतर्गत नए बाइपास विनोद कुमार राठौर, सुनील कुमार, बालकिशन व दिनेश, बालकिशन शर्मा, महेंद्र राठौर, सुखराम राजपूत इमरान बिल्डिंग मैटेरियल की दुकानों पर बड़ी मात्रा में अवैध बालू का भंडारण पाया गया।
रामगढ़ थाने के तहत साबरी बिल्डिंग मैटेरियल, शमशाद बिल्डिंग मैटेरियल, कल्लू बिल्डिंग मैटेरियल, मंसूर भाई, हाजी वसीम बिल्डिंग मैटेरियल की दुकानों की जांच की गई, यहां भी बालू का अवैध भंडारण मिला। टीम में अफसरों पर बिल्डिंग मैटेरियल विक्रेताओं से बालू भंडारण के संबंध में अनुमति पत्र दिखाने को कहा, लेकिन कोई अनुमति पत्र नहीं दिखा सका। सिटी मजिस्ट्रेट ने मौके पर अवैध रूप भंडारण की गई बालू की पैमाइश कराते हुए सीज करने के निर्देश दिए।
सिटी मजिस्ट्रेेट शीतला प्रसाद यादव ने बताया है कि अभियान के अंतर्गत 35-40 दुकानों की जांच की गई है। दुकानों में कितने घनमीटर बालू भंडारण था, उसकी मौके पर पैमाइश कराकर सीज कराया गया है। इस बालू की नीलामी कराई जाएगी और अवैध रूप से भंडारण करने वालों पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।