फिरोजाबाद। सुहागनगरी की सीवरेज व्यवस्था सुधारने के लिए जलनिगम ने कवायद तेज कर दी है। शहर के आधा दर्जन गली-मोहल्लों में सीवर कनेक्टिंग चैंबर का निर्माण कार्य चल रहा है। इन सभी चैंबरों को सोफीपुर में बन रहे एसटीपी प्लांट से जोड़ा जाएगा।
जलनिगम द्वारा सीवर की समस्या का स्थाई निदान करने के लिए अमृत योजना के अंतर्गत 41.45 करोड़ का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया था। शासन से प्रोजेक्ट को स्वीकृति मिलने के बाद जलनिगम द्वारा शहर में सीवर कनेक्टिंग चैंबरों का निर्माण कार्य शुरू किया गया है। जलनिगम द्वारा प्रथम चरण में 17820 घरों को सीवर से जोड़ने की योजना बनाई है। प्रोजेक्ट के अंतर्गत दो अथवा तीन घरों को जोड़कर घर के बाहर सीवर के चैंबर बनाए जाएंगे। उन चैंबरों को सीवर की मैनलाइन से जोड़ दिया जाएगा।
जलनिगम को शासन से 6.81 करोड़ की धनराशि मिल चुकी है। इस धनराशि से जलनिगम द्वारा एक दर्जन करीब मोहल्लों में 3500 सीवर कनेक्टिंग चैंबर का निर्माण करा दिया है। वर्तमान में दतौजी, भीमनगर, सरजीवन नगर, हिमायूंपुर, नीबू वाला बाग, विभव नगर में सीवर कनेक्टिंग चैंबरों का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। वहीं क्षेत्रीय जनता के विरोध के चलते कुछ स्थानों पर कार्य अधूरा रह गया है। जलनिगम के अधिशासी अभियंता राकेश शर्मा का कहना है कि शासन से प्राप्त बजट के आधार पर अबतक 3500 चैंबर निर्माण कार्य पूर्ण करा लिया गया है। जहां लोग विरोध कर रहे हैं, वहां जिला व पुलिस प्रशासन की मदद से कार्य पूर्ण कराया जाएगा।