कासगंज। फोरलन सड़क योजना के निर्माण को लेकर तेजी से कार्य आगे बढ़ने लगा हैं। जिलाधिकारी ने फोरलेन की हद में आने वाले भवन स्वामियों के साथ बैठक कर निर्माण हटाने के लिए 10 जनवरी तक की मोहलत दी है। बैठक में भवन स्वामियों ने फोरलेन निर्माण के औचित्य पर भी सवाल उठाए। वहीं निर्माण के बारे में अतिक्रमण को चिह्नित करने एवं निर्माणदायी कंपनी ने प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
फोरलेन सड़क योजना को लेकर भवन स्वामियों में हड़कंप हैं। तमाम भवन स्वामी पसोपेश में हैं, आखिर उनकी रोजी रोटी का क्या होगा? जिलाधिकारी की बैठक के दौरान भवन स्वामियों ने सवाल उठाए। भवन स्वामियों ने कहा कि नगर के बीचोंबीच से फोरलेन सड़क निकालने का आखिर क्या औचित्य है। नगर की आबादी के बीच से थ्री लेन सड़क के रूप में बनाया जाए, जिससे सर्कुलर रोड व अन्य क्षेत्रों के भवनों को क्षति कम हों। लोगों ने कहा कि उनके भवनों के नक्शे पास हैं और नियम संगत भवन हैं, उन्हें तोड़ना गलत हैं।
लोक निर्माण विभाग ने कहां कितनी सड़क की चौड़ाई रहेगी? इस संबंध में जानकारी ली। बैठक में लोगों ने जिलाधिकारी से अतिक्रमण हटाने के लिए समय की मांग की। पहले लोगों ने 15 दिन का समय मांगा। 15 दिन के आधार पर पांच जनवरी की तिथि निर्धारित की गई। इससे सभी लोग संतुष्ट नजर नहीं आए। इसके बाद डीएम ने पांच दिन का समय और बढ़ाते हुए 10 जनवरी की तिथि निर्धारित कर दी।
यह भी स्पष्ट किया गया कि जो भवन स्वामी अतिक्रमण नहीं हटाएगा उसका अतिक्रमण प्रशासन हटाएगा और जुर्माना वसूल किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि लोग स्वयं अतिक्रमण को हटा लें, जिससे अधिक नुकसान न हों।
बैठक में एसपी सुनील कुमार, एडीएम राकेश कुमार सिंह, एएसपी पवित्र मोहन त्रिपाठी, एसडीएम देवेंद्र प्रताप, सीओ बीएस वीर कुमार, तहसीलदार एनराम, अधिशाषी अधिकारी लोक निर्माण विभाग सीपी सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष पूर्णेंद्र सोलंकी, व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सतीश गुप्ता, नगर अध्यक्ष अखिलेश अग्रवाल, पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि राजवीर साहू, शांतनु चौधरी, पंकज अग्रवाल, राजेंद्र गुप्ता, राकेश अग्रवाल, जाकिर हुसैन, महेंद्र राणा, कौशल आदि मौजूद रहे।