बिछवां (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह नगला कांकन के समीप नहर में लोहे के गाटर लादकर जा रहा ट्रक नहर में पलट गया। हादसे में चालक-परिचालक ट्रक में फंस गए। जिन्हें ग्रामीणों ने खिड़की तोड़कर बाहर निकाला।
गांव नगला कांकन निवासी अखिलेश ट्रक चलाता है। कुछ दिन पूर्व वह झारखंड से लोहे के गाटर लादकर सप्लाई देने पंजाब के लिए रवाना हुआ था। सोमवार सुबह जब वह नहर पुल के समीप ट्रक खड़ा कर रहा था। तभी ट्रक पीछे करते समय पुल की कटी पटरी में चला गया। चालक-परिचालक जब तक कुछ समझ पाते तब तक ट्रक नहर में गिर गया था। चीख पुकार सुनकर वहां मौजूद ग्रामीण एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने ट्रक में फंसे चालक-परिचालक को खिड़की तोड़कर बाहर निकाला।
हादसे में दोनों बाल-बाल बच गए। ग्रामीणों का कहना था कि कई बार अधिकारियों से पटरी बनवाने की मांग की मगर अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। पूर्व में उक्त स्थान पर कई हादसे हुए हैं।
रेलिंग तोड़कर ट्रक खाई में गिरा, चालक-परिचालक घायल
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार को पशुओं को बचाने के प्रयास में ट्रक रेलिंग तोड़कर खाई में जा गिरा। हादसे में चालक-परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सोमवार सुबह एक ट्रक चाय की पेटियां लादकर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से गुजर रहा था। गांव कंझरा के समीप अचानक सामने पशु आ जाने की वजह से ट्रक चालक ने स्टेयरिंग को काट दिया। जिससे अनियंत्रित होकर ट्रक रेलिंग तोड़ता हुआ खाई में जा गिरा।