मैनपुरी। थानों में नीलामी न होने के चलते करोड़ों के वाहन कबाड़ हो रहे हैं। पूर्व में कई बार अधिकारियों की ओर से प्रयास किए गए। मगर उनके जाते ही मामला ठंडे बस्ते में चला गया। उधर पुलिस भी पकडे़ गए वाहनों के स्वामियों के बारे में पता लगाने के प्रयास नहीं करती। जिस वजह से थानों में वाहनों की तादाद लगातार बढ़ती जा रही है।
जिले के विभिन्न थानों में रोजाना वाहन चोरी की शिकायतें दी जाती हैं। शायद ही कोई दिन ऐसा हो जब वाहन चोरी की घटना न हो। दूसरी ओर पुलिस कार्रवाई के दौरान वाहन चोरों का गैंग पकड़ती है। उनसे बरामद वाहनों को सीज कर थाने में खड़ा कर दिया जाता है। मगर वाहन स्वामी के बारे में जानकारी न होने के चलते वाहन थाने में कबाड़ की शक्ल अख्तियार कर लेते हैं। पुलिस की इस लापरवाही से ही जिले के विभिन्न थानों में करोड़ों के वाहन कबाड़ हो चुके हैं। थानों में न तो इनका सही से रखरखाव होता है न हीं पुलिस वाहन स्वामी के बारे में जानकारी जुटाने में कोई दिलचस्पी ही दिखाती है।
यहीं वजह से कि थानों में बडे़ से लेकर छोटे वाहन कबाड़ हो चुके हैं। जिनकी अब सुपुर्दगी भी नहीं की जा सकती है। वह सिर्फ कबाड़ में किलो के भाव ही बेचे जा सकते हैं।
आरआई चंद्रप्रकाश शर्मा का कहना है थानों में खडे़ वाहनों के निस्तारण को लेकर उच्चाधिकारियों द्वारा विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आदेश मिलने के बाद अमल की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।