मथुरा। कासगंज से आगरा फोर्ट जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में आग लगने की अफवाह फैलने से सोमवार की सुबह करीब 10.30 बजे अफरा-तफरी मच गई। कई लोग चेनपुलिंग कर चलती ट्रेन से कूद गए। यात्री इधर-उधर भागने लगे। लेकिन बाद में पता चला कि यह कोरी अफवाह थी।
सोमवार को कासगंज से आगरा फोर्ट जाने वाली पैसेंजर ने राया स्टेशन छोड़ा ही था कि एक बोगी में आग लगने का हल्ला मच गया। एक-एक करके सभी बोगियों में आग का शोर पहुंच गया था। जिसने भी सुना वही ट्रेन से उतरने की कोशिश करने लगा।
ट्रेन की स्पीड काफी कम थी, इससे हड़बड़ी में कई लोग चलती ट्रेन से ही कूद पड़े। अफरा-तफरी के इस माहौल में तत्काल ही यात्रियों ने चेनपुलिंग कर गाड़ी को रोक ली। देखते ही देखते बोगी खाली हो र्गइं। बाद में पता चला कि यह सिर्फ एक अफवाह थी तो यात्री वापस आने लगे।
महिला यात्रियों को ट्रेन में चढ़ाने के लिए दोबारा की चेनपुलिंग
उधर, चेनपुलिंग कर रोकी गई गाड़ी फिर चली तो बोगी में चढ़ रहे लोगों में फिर अफरा-तफरी मच गई। कई महिलाएं बोगी में नहीं चढ़ सकीं। ऐसे में यात्रियों ने एक बार फिर चेनपुलिंग करते हुए गाड़ी को रोका।
सभी यात्रियों के वापस आने के बाद ही गाड़ी मथुरा के लिए रवाना हो सकी। इस पूरे घटनाक्रम से रेलवे पुलिस पूरी तरह से अंजान रही। दो बार चेनपुलिंग होने के बाद भी उन्होंने इसका संज्ञान लेना जरूरी नहीं समझा।
सीट को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों के साथ महिलाएं भी थीं। इसी दौरान अफवाह फैलाई गई और चेनपुलिंग की गई। इस पर तीन लोगों को पकड़ा गया है।
केके सिंह इंस्पेक्टर, आरपीएफ मथुरा छावनी