आगरा में जूता व्यापारी को फर्जी कागजात और चेक देकर 9.5 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पुलिस के न सुनने पर पीड़ित ने अदालत में प्रार्थनापत्र प्रस्तुत किया। अदालत के आदेश पर अब थाना जगदीशपुरा पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
थाना कमला नगर क्षेत्र कर्मयोगी निवासी सुरेश कुमार मलानी ने आरोप लगाया कि मदीना मस्जिद किशोरपुरा निवासी शमीम खान, उसकी पत्नी अकीला खान और बेटे अदनान ने खुद को बंगलूरू में जूते का थोक व्यापारी बताया था। उन्होंने फर्जी फर्मों के कागजात दिखाकर उनका विश्वास जीता। कई बार में करीब 10 लाख रुपये के जूते खरीद लिए।
रुपये मांगने पर आरोपियों ने पहले 50 हजार रुपये ट्रांसफर किए और फिर अकीला खान के हस्ताक्षर किए चार-चार लाख रुपये के दो चेक दिए। चेक किसी शकील खान के निकले, जिसकी चेकबुक एक साल पहले ही खो गई थी। शमीम खान से बात करने का प्रयास किया तो उसने जान से मारने की धमकी दी। जांच में पता चला कि आरोपियों की कोई फर्म ही नहीं है।