एटा। लोकसभा चुनाव में अधिकारियों द्वारा भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान कराने के लिए धमकाने का मामला सामने आया है। जैथरा ब्लॉक के एक ग्राम प्रधान और युवक ने सीडीओ, पीडी और बीडीओ जैथरा पर आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से शिकायत की है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए डीएम ने एडीएम प्रशासन को मामले की जांच सौंपी है।
जैथरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत सुकटीखेड़ा के प्रधान राम बृजेश ने सीडीओ उग्रसेन पांडेय, पीडी अजय पांडेय और बीडीओ जैथरा दीपक सिंह पर आरोप लगाया है कि उसे अधिकारियों से धमकियां मिल रही हैं। अधिकारी भाजपा प्रत्याशी मुकेश राजपूत के पक्ष में मतदान कराने के लिए धमका रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा न करने पर प्रधानी से बर्खास्त करने और भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज कराने के लिए कहा जा रहा है। युवक ने बीडीओ जैथरा पर आरोप लगाया कि उन्होंने मतदान से तीन दिन पहले जेल भिजवाने की धमकी दी है। प्रधान ने चुनाव आयोग से शिकायत कर तीनों अधिकारियों के तबादले और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। वहीं जैथरा के गांव साखीपुर के रामचरन ने बीडीओ जैथरा पर आरोप लगाया कि वह ब्लॉक कार्यालय पर अपने चाचा के बेटे के आवास के लिए गया था। इस दौरान बीडीओ ने उसे भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान कराने के लिए कहा। जब युवक ने मना किया, तो अधिकारी ने उसका काम करने से मना कर दिया। युवक ने भी चुनाव आयोग को शिकायत भेजकर बीडीओ के तबादले की मांग की है। आयोग के निर्देश मिलने पर डीएम ने मामले की जांच एडीएम प्रशासन केपी सिंह को सौंप दी है। शिकायत को लेकर जिले में हड़कंप मचा है।
आरोपों के संबंध में जांच करने के लिए कहा गया है। बुधवार को ही इसका पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच कर जल्द ही जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपी जाएगी। के पी सिंह, एडीएम प्रशासन
आरोप पूरी तरह से निराधार है। आरोप लगाने वाले व्यक्ति को जानता तक नहीं हूं। चुनाव को निष्पक्ष कराने की मंशा से ही काम किया जा रहा है। जांच में सब स्पष्ट हो जाएगा। उग्रसेन पांडेय, सीडीओ
इस प्रकार के किसी भी मामले की मुझे जानकारी तक नहीं है। जिसने भी आरोप लगाए हैं मैं उन्हें न जानता हूं और न कभी मिला हूं। ऐसे में आरोप पूरी तरह से निराधार है। अजय पांडेय, पीडीह्य