मथुरा। अलग-अलग सड़क हादसों में लोक निर्माण विभाग के बेलदार समेत दो की मौत हो गई। खास यह है कि दोनों सड़क हादसों के बाद मृतकों की बाइक और नकदी चोरी हो गई। वहीं परिवारों में कोहराम मचा है।
थाना जमुनापार के गांव किशनगंज निवासी बंशी (35) पुत्र फतेह सिंह पीडब्ल्यूडी में बेलदार था। मंगलवार की देरशाम वह बैंक से 40 हजार रुपये निकालकर घर लौट रहा था। लक्ष्मीनगर के पास पहुंचा ही था ट्रक ने टक्कर मार दी। बेलदार की मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची जमुनापार पुलिस ने ट्रक को कब्जे मेें ले लिया, जबकि चालक भाग गया। मृतक के भाई विष्णु का आरोप है कि उन्हें सूचना देरी से दी गई, उनके भाई के पास 40 हजार रुपये थे, जो कि गायब हैं। प्रभारी निरीक्षक रजित वर्मा ने बताया कि तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
उधर, थाना गोवर्धन के गांव पाली निवासी ऊदेव (25) पुत्र लेखराज पुताई का काम करता था। पुताई करने के बाद गांव लौट रहा था। बाइक सवार थाना बरसाना के हाथिया मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। मौके पर ही युवक की मौत हो गई।
मृतक के पिता का आरोप है कि जिस बाइक से उनका बेटा आ रहा था, वह मौके से गायब मिली। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।