मथुरा। लोकसभा चुनाव में 16 अप्रैल को राजस्थान और हरियाणा से सटी मथुरा की सीमाएं सील कर दी जाएंगी। चुनाव से दो दिन पहले चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा होगा। हाईवे और एक्सप्रेसवे पर बैरियर लगाकर कड़ाई से चेकिंग की जाएगी। चुनाव में खलल डालने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। भयमुक्त और निर्भीक मतदान कराने के लिए मथुरा पुलिस पूरी तरह से तैयार है।
लोकसभा चुनाव की तैयारियों को जानने के लिए मथुरा पहुंचे एडीजी आगरा अजय आनंद ने बताया कि 14 अप्रैल तक मथुरा पुलिस 80 प्रतिशत असलहे जमा करा लेगी। इसके बाद 25 कंपनी पैरा मिलिट्री फोर्स मथुरा पहुंच जाएगा। छावनी में तब्दील हुए मथुरा में चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स ही दिखाई देगा।
दो घंटे तक चुनावी मंथन करने के बाद एडीजी आगरा निकल गए। इस मौके पर एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज, एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह, एसपी क्राइम अशोक मीणा, एसपी सुरक्षा ज्ञानेंद्र सिंह, एसपी देहा आदित्य शुक्ला, सीओ रिफाइनरी जितेंद्र कुमार और सीओ सिटी विनय सिंह चौहान मौजूद रहे।