एटा। गांव बागवाला में रविवार रात एक मकान की छत गिर गई। छत के मलबे में दबकर पति-पत्नी घायल हो गए। चीखपुकार की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने दंपती को मलबे से बाहर निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बागवाला निवासी कैलाशी देवी (70) और उसका रिटायर्ड पोस्टमैन पति रमेश चंद्र रविवार रात अपने घर में सो रहे थे। देर रात अचानक मकान की छत गिर गई और दंपती छत के मलबे में दब गए। अचानक छत गिरने की तेज आवाज और चीखपुकार सुनकर परिजनों के साथ ही आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। लोगों ने मलबे को हटाकर दंपती को बाहर निकाला और आनन-फानन में दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने कैलाशी देवी को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि मकान लगभग तीस साल पुराना था।