फरह(मथुरा)। ढाई लाख रुपये देकर फरह के चुरमुरा पर पांच फ्लैट बुक कराए गए। इसके बाद लगातार किश्त देते रहे, पर न तो फ्लैट मिला और न ही दी गई धनराशि वापस की गई। कल्पतरु ग्रुप बिल्टेक कारपोरेशन के खिलाफ थाना फरह में जालसाजी का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
फ्लैट और प्लाट की एवज में 500 करोड़ रुपये लेकर फरार जयकृष्ण सिंह राणा आजतक पुलिस की पकड़ से दूर बना हुआ है। जालसाजी के करीब 42 मुकदमें दर्ज होने के बाद भी उसे पुलिस पकड़ने में दिलचस्पी नहीं दिखा रही है। मंगलवार को थाना फरह में एक और मुकदमा दर्ज कराया गया है। अबकी बार कल्पतरु ग्रुप बिल्टेक कारपोरेशन के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज हुआ है।
मांट के गांव पपरैला निवासी उर्मिला सिंह पुत्र वीरपाल सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि 30 मार्च 2013 में उन्होंने और उनके रिश्तेदार परवेश, रामवीर, मीरा और वीरपाल ने 50-50 हजार रुपये देकर फ्लैट बुक कराए थे।
उसके बाद लगातार किश्त देते रहे। अब तक किसी को फ्लैट तक नहीं मिल सका और न ही दी गई धनराशि वापस मिल सकी। मुकदमा दर्ज होते ही फरह पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद पंवार ने बताया कि मुकदमा कंपनी के खिलाफ दर्ज कराया गया है। जांच के बाद ही नाम प्रकाश में आएंगे तो कार्रवाई की जाएगी।