मैनपुरी। प्रशासन ने बाजार में अतिक्रमण व जाम की समस्या से निपटने की कवायद शुरू कर दी है। गुरुवार को सीओ सिटी ने बाजार में उतर कर फड़ बाजार को क्रिश्चियन मैदान में स्थानांतरित कराया। दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि दोबारा से बाजार में दुकानें सजाईं तो इस बार कोई रियायत नहीं की जाएगी।
शहर में जाम की समस्या को गंभीरता से लेते हुए डीएम प्रदीप कुमार ने फड़ बाजार को क्रिश्चियन मैदान में स्थानांतरित किए जाने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में गुरुवार की सुबह से सीओ सिटी राकेश पांडेय पुलिस बल के साथ बाजार में लगी अस्थाई दुकानों को हटवाते हुए नजर आए। दुकानदारों से स्पष्ट कर दिया गया कि अब बाजार में फड़ लगाकर बिक्री नहीं की जाएगी, सभी अपने फड़ को क्रिश्चियन मैदान में ले जाएं, जहां प्रशासन ने उनके लिए व्यवस्था की है।
सीओ सिटी ने बताया कि जाम की समस्या से निपटने की कवायद की जा रही है। अब उन दुकानदारों पर कार्रवाई की जाएगी जो फुटपाथ व सड़क पर कब्जा जमाए हुए हैं। बाजार आने वाले लोगों को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अभियान लगातार जारी रहेगा और अब से प्रत्येक गुरुवार का फड़ बाजार क्रिश्चियन मैदान में ही लगेगा।
नहीं सुधरे कई दुकानदार
प्रशासन एक ओर जन सुविधा के लिए अतिक्रमण को हटवा रही थी। उधर कई दुकानदार जो अपना फड़ बाहर से आने वाले दुुकानदारों को किराए पर देते हैं, वह आदत से बाज नहीं आए। कई घंटों तक अभियान चलता रहा, लेकिन दुकानदारों ने किराए पर उठाए गए फड़ पर ही बिक्री कराई। जब अधिकारी मार्ग से गुजरे तो माल को दुकान में रखवा लिया गया। अधिकारी के जाते ही फिर से बिक्री शुरू करा दी गई।