मैनपुरी-दन्नाहार। गांव दूल्हापुर गढ़िया में एक किसान बिजली के खंभे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा चबूतरा पर खड़े पेड़ को काटने के दौरान हुआ। परिजन उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए। वहां उपचार के दौरान किसान ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव दूल्हापुर गढ़िया निवासी 45 वर्षीय किसान धर्मेंद्र राजपूत मंगलवार को घर के बाहर चबूतरा पर खड़ा नीम का पेड़ कटवा रहा था।
पेड़ काटने के दौरान अचानक एक डाली टूटकर वहां लगे बिजली के खंभे पर आ गिरी। डाल भारी होने के चलते खंभा टूटकर घर के बाहर बैठे धर्मेंद्र के सिर पर आ गिरा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में परिजन उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए। वहां कुछ देर उपचार के बाद किसान की मौत हो गई। हादसे की जानकारी होने के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा।