एटा। अब विवेचना करने वाले विवेचक को अपने सहयोगी पुलिस कर्मियों से सीखने की जरूरत नहीं होगी। विवेचना करने से लेकर पूरी जानकारी मोबाइल पर विवेचक ट्रेनर एप के माध्यम से ले सकेंगे। एसएसपी ने एप को जिले में लागू कर दिया है।
विवेचनाओं में पारदर्शिता एवं अपराधियों को कड़ी सजा दिलाने को लेकर एसएसपी आशीष तिवारी ने नई पहल शुरू की है। इसमें एसएसपी ने विवेचकों के लिए ट्रेनर एप की शुरुआत की है। इसके माध्यम से मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद प्रारंभिक जांच से समाप्ति तक की विवेचक जानकारी हासिल कर सकेंगे।
इतना ही नहीं एप के माध्यम से विवेचक अभियोग की परिभाषा, उसकी प्रकृति, अपराध रोकने के तरीके, घटना स्थल का निरीक्षण आदि महत्वपूर्ण जानकारी हासिल कर सकेंगे। एसएसपी ने बताया कि एप को सभी पुलिस कर्मियों को विवेचना करने के लिए मुहैया कराया है। एप के माध्यम से विवेचक घटना के आरोपियों की गिरफ्तारी से संबंधित मुखबिर लगाने तक का तरीका सीख सकेंगे।