फरह (मथुरा)। फरह पुलिस ने हाईवे के सहारे यश फैमिली ढाबे के पास से काले तेल का अवैध कारोबार पकड़ा है। पुलिस के हाथ तीन लोग लगे हैं, जबकि गोदाम मालिक और मुनीम भागने में सफल रहे। पुलिस ने टैंकर और काले तेल के कारोबार में यंत्र बरामद किए हैं।
रिफाइनरी से फर्निश ऑयल लेकर निकलने वाले टैंकरों के चालक और परिचालकों से साठगांठ करके तेल चोरी कर लेते थे। इसके लिए तेल माफिया ने टोल प्लाजा के पास यश फैमिली ढाबे के पीछे ही खेतों में गोदाम बना लिया था। इन टैंकरों से फर्निश ऑयल चुराकर उसमें कार्बन, मिट्टी का तेल और चूना मिला देते थे। पुलिस ने छापा मारा तो भगदड़ मच गई।
पुलिस ने मौके से तीन तेल चोरों को पकड़ लिया, जबकि गोदाम मालिक और मुनीम फरार हो गए। पुलिस लाइन सभागार में एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि थाना प्रभारी राकेश कुमार, सीआईडब्लू प्रभारी सत्यवीर सिंह और सर्विलांस टीम प्रभारी राकेश यादव ने भरतपुर के गांव सहेरा निवासी देवीराम, फरह के गांव सनोरा निवासी घनश्याम और वृंदावन के जैंत निवासी दिलावर सिंह को पकड़ा है। गोदाम मालिक और मुनीम पंकज फरार हो गए। एसएसपी ने 20 हजार रुपये का पुरस्कार दिया है।
एक ड्रम से तीन ड्रम करते थे काले तेल के तैयार
एक ड्रम तेल निकालने के बाद तीन ड्रम काले तेल तैयार कर लेते थे। रिफाइनरी से निकलने वाले टैंकरों के चालक और परिचालकों की मिलीभगत से काले तेल को तैयार करके सस्ते दामों में बेचते थे। इससे बड़ा मुनाफा कमाते थे।
यह हुआ बरामद
एक टैंकर काला तेल भरा, एक ट्रैक्टर जमीन में गढ़ा, दो ड्रम भरे हुए और 10 खाली, दो टैंकर खाली, दो इंजन, एक पंप, एक मशीन, जमीन में गढ़े दो मिक्सिंग प्लांट, दो इंजन।