पटियाली (कासगंज)। विकास खंड गंजडुंडवारा के ग्राम हंसी नगला में बाढ़ प्रभावित इलाके में गुरुवार की रात एक बच्चे का जन्म हुआ है। परिवार में बच्ची का जन्म होने पर परिवारीजन दुख दर्द भूलकर जच्चा बच्च की सेवा में जुट गए।
बाढ़ की चपेट में गांव के आ जाने के बाद प्रशासन ने गांव को खाली कराके नरदोली के टापुओं पर वसा दिया है जिससे ग्रामीणों के सामने काफी समस्याएं हैं। वे आवागमन तक नहीं कर पा रहे। गांव निवासी भीकम की पत्नी सोनी को गुरुवार को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई । चारो ओर बाढ़ से घिरे होने पर महिला की स्थिति को देखकर परिवारीजन उसके स्वास्थ्य को चिंतित हो गए कि किस तरह से महिला को अस्पताल पहुंचाया जाए। इस बीच गांव की महिलाओं ने मजबूरी में उसका प्रसव कराया। सोनी ने एक बच्ची को जन्म दिया। जब इस बात की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को हुई तो शुक्रवार की सुबह चिकित्साधीक्षक डॉ. मुकेश कुमार नाव से गांव में पहुंचे और जच्चा बच्चा दोनों को ही स्वास्थ्य केंद्र गंजडुंडवारा लाया गया। डॉ. मुकेश कुमार ने बताया की सोनी का उपचार जारी है। बच्ची को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।