तेज हुई बारिश, बाहरी कालोनियों में भरा पानी
- फोटो : अमर उजाला
राया/मथुरा। गुरुवार रात को हुई झमाझम बारिश ने मौसम को खुशगवार बना दिया। वहीं, महानगर की बाहरी कालोनियां पानी से लबालब हो गईं। सड़कों पर पानी ही पानी नजर आने लगा। राया में मकान गिरने से चार लोग दब गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर है।
गुरुवार को निकली तेज धूप और गर्मी की मार को रात को हुई बारिश ने ठंडक में बदल दिया। इससे मौसम खुशगवार हो गया। लेकिन बारिश ने महानगर की बाहरी कालोनियों को लबालब करके रख दिया। इन कालोनियों में सड़कों पर पानी आ गया और राहगीरों का निकलना दूभर हो गया, जो कालोनियां पानी से लबालब हुईं उनमें मोती कुंज, चंदनवन, मोतीकुंज एक्सटेंशन, चंद्रपुरी, चाणक्यपुरी, कृष्ण विहार, गणेशरा आदि कालोनियां में सड़कों पर पानी भर गया।
राया के गांव पवेसरा में रात को हुई बारिश से वीरी सिंह का मकान गिर गया। जिस समय मकान गिरा परिवार के सभी लोग सो रहे थे। वीरी सिंह, जानुका देवी, सोनू, राकेश और मोनू मकान के मलबेे के नीचे दब गए। मकान गिरने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और दबे लोगों को बाहर निकाला। सभी को एंबुलेंस के जरिये अस्पताल भिजवा दिया। मलबे में दबे चार लोगों में से वीरी सिंह और जानुका देवी की हालत गंभीर बनी हुई है।