फिरोजाबाद। थाना लाइनपार वाजिदपुर मोड़ के समीप पुरानी रंजिश के चलते बाइक सवार ग्रामीण संदिग्ध परिस्थिति में घायल हो गया। पीड़ित का आरोप है कि उसके विपक्षियों ने फायरिंग की है। थाना पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है। पुलिस का कहना है आपस में जमीन के विवाद की रंजिश के चलते इस तरह के आरोप लगा रहे हैं।
थाना मटसेना जैंदामई निवासी रामवीर (45) पुत्र रमेशचंद्र अपने छोटे भाई श्यामवीर के साथ बाइक से थाना लाइनपार के नगला सदासुख निवासी डा. श्याम सिंह के घर जन्मदिन समारोह में रहे थे। रामवीर का आरोप है कि बाइक जैसे ही गांव वाजिदपुर मोड़ के समीप पहुंची तभी उनके ताऊ के लड़के एवं उनके पौत्र ने निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी।
वह पीठ में छर्रा लगने से घायल हो गए। रामवीर ने घटना की सूचना तत्काल भाइयों एवं थाना पुलिस को दी। घायल रामवीर को उपचार को जिला अस्पताल लाए। रामवीर का आरोप है कि उसका ताऊ के लड़कों से जमीन को लेकर रंजिश चली आ रही है। वह केस जीत गए थे इसके कारण विपक्षी खफा है। थानाध्यक्ष लाइनपार नीरज मिश्रा ने कहा रामवीर को गोली लगने का मामला संदिग्ध है।
जिला बदर घोषित हो चुका है रामवीर
फिरोजाबाद। फायरिंग में घायल रामवीर (45) पहले जिला बदर रह चुका है। थानाध्यक्ष मटसेना सुनील कुमार भारद्वाज ने कहा कि रामवीर 16 जनवरी 2018 को छह माह के लिए जिला बदर घोषित किया गया था। यह अवधि अब समाप्त हो गई है।