राधाकुंड(मथुरा)। गोवर्धन के राधाकुंड में कुसुम सरोवर के पास परिक्रमार्थी महिला से बाइक सवार दो युवक पर्स छीनकर ले गए। शोर मचाने पर एकत्रित हुए लोगों के पहुंचने से पहले ही लुटेरे भाग खडे़ हुए। पर्स में तीन हजार नकदी, सोने के कुंडल और एक मोबाइल था।
दिल्ली के पालम नगर की राजनगर कालोनी निवासी नरेंद्र कुमार शर्मा अपनी पत्नी मीनू शर्मा के साथ गोवर्धन की सप्तकोसीय परिक्रमा करने आए थे। दंपती राधाकुंड के कुसुम सरोवर के पास पहुंचे ही थे कि महिला के हाथ से बाइक सवार पर्स छीन कर ले गए।
महिला ने शोर मचाया तो लुटेरे भाग खड़े हुए। गोवर्धन पुलिस दंपति को सरकारी जीप में लेकर लुटेरों की तलाश में घूमती रही, पर नाकामी ही हाथ लगी। पीड़िता की तहरीर पर थाना गोवर्धन में मुकदमा दर्ज नहीं हो सका। प्रभारी निरीक्षक संसार सिंह राठी ऐसी भी कोई लूट की वारदात होने से इंकार कर रहे हैं।