सराय अगहत। पति के साथ दवा लेने जा रही महिला को कुछ लोग मारपीट कर अगवा कर ले गए। महिला के परिजन खेत पर मौजूद दो लोगों को पकड़कर अपने साथ ले गए। पुलिस ने महिला और खेत से उठाए दोनों लोगों को बरामद कर लिया है। घटना के पीछे पिछले दिनो हुई लड़की भगाने की रंजिश चल रही है।
थाना नयागांव क्षेत्र के दो गांव के लोगों में अलग-अलग समुदाय के लड़का लड़की भगाने वाली रंजिश थम नहीं रही है। सोमवार को एक दूसरे पर अपहरण का आरोप लगाया। अलीपुर निवासी नाजो अपने पति जुबेर के साथ अलीगंज दवा लेने जा रही थी। उसी समय महमदपुर के कुछ लोग महिला को मारपीट कर अगवा कर ले गए। इसकी जानकारी जब महिला के गांव के लोगों को हुई तो काफी संख्या में लोग एकत्रित होकर महमदपुर जा पहुंचे। जहां से खेत पर काम कर रहे वीरेंद्र और लखपति को उठाकर ले गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों लोगों को बरामद किया। घटना की जानकारी पाकर अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार, सीओ अलीगंज अजय भदौरिया मौके पर पहुंचे। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले को शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई कराई जाएगी। 23 मार्च को दो समुदाय के लड़का लड़की भाग गए थे। उसी को लेकर दोनों गांव के लोगों के बीच रंजिश बनी हुई है।