मैनपुरी। केंद्रीय समाज सेवा समिति के सौजन्य से ग्राम पंचायत कांकन के डांडी तिराहे पर विश्व कैंसर दिवस पर कैंसर जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कैंसर हॉस्पीटल ग्वालियर के डायरेक्टर डा. बीआर श्रीवास्तव सहित विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने परीक्षण किया।
डा.बीआर श्रीवास्तव ने बताया कि कैंसर हॉस्पीटल एवं रिसर्च इंस्टीट्यूट ग्वालियर में मैनपुरी से बड़ी संख्या में लोग कैंसर से पीड़ित होकर पहुंच रहे हैं। मैनपुरी से ग्वालियर पहुंचने वाले लोगों में 60 प्रतिशत लोग तंबाकू के कारण कैंसर से पीड़ित हुए हैं। यहां के लोगों को तंबाकू से दूरी बनानी होगी। समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद बाबू दर्शन सिंह यादव ने कहा कि मैनपुरी की पहचान धीरे-धीरे कैंसर की खान के रूप में होती जा रही है। जिसका मुख्य कारण है तंबाकू एवं धूम्रपान। मोबाइल रेडिएशन से भी कैंसर हो सकता है।
शिविर में 127 पुरुषों एवं 77 महिलाओं ने परीक्षा कराया। जिसमें से कई लोगों को कैंसर हॉस्पीटल ग्वालियर आने की सलाह दी। डा. भानु सिंह, डा. रवींद्र जैन, डा. जाहिर जौहरी, डा. रजनी अग्रवाल, डा. एसके त्रिपाठी आदि ने जांच की। इस मौके पर समिति के कार्यकारी अध्यक्ष नीरज यादव, कांकन प्रधान साधना देवी, हरेंद्र सिंह चौहान, देवेंद्र सिंह यादव, धनवेश यादव, यदुवीर यादव आदि लोग मौजूद रहे।