फिरोजाबाद। स्वच्छता सर्वेक्षण के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए गुरुवार को सुबह नगर निगम ने रसूलपुर डाकबंगला से जन जागरूकता रैली निकाली। इसमें शामिल छात्र-छात्राएं स्लोगन लिखी तख्तियां हाथों में थामे चल रही थीं।
स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत सुबह दस बजे रैली ज्ञान सरोवर इंटर कॉलेज रसूलपुर से शुरू हुई। इसका शुभारंभ मेयर नूतन राठौर ने किया। रैली स्कूल से शुरू होकर मालवीय नगर, डाकबंगला, नालबंद चौराहा, बगिया, नया रसूलपुर से पुन: ज्ञान सरोवर इंटर कालेज पर पहुंची।
रैली के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया कि कचरा नहीं फैलाएंगे, स्वच्छ फिरोजाबाद बनाएंगे। रैली में शामिल छात्र-छात्राएं हाथों में स्वच्छता संबंधी स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे। मेयर नूतन राठौर ने दुकानदारों और लोगों से कूड़ा इधर-उधर न फेंकने, शहर को साफसुथरा बनाने में सहयोग की अपील की।
रैली में अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, पार्षद मीरा शर्मा, माया देवी, निहाल सिंह कुशवाहा, गेंदालाल राठौर, विनोद राठौर, राजकुमार राठौर, हीरालाल अग्रवाल, योगेंद्र राठौर, मंगल सिंह राठौर, विकास राजपूत के अलावा नरेंद्र मोदी विचार मंच के कार्यकर्ता, कालेज के अध्यापक मौजूद रहे।