फिरोजाबाद। डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नेहा शर्मा ने कहा है कि फर्जी मतदाता किसी भी कीमत पर मतदान नहीं कर पाएंगे। यदि कोई फर्जी मतदान करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। मतदान सुबह साढ़े सात बजे से शाम को पांच बजे तक होगा।
डीएम एमजी कालेज सभागार में चल रहे कर्मचारियों के प्रशिक्षण को संबोधित कर रहीं थीं। उन्होंने कहा कि कर्मचारी निष्पक्ष, निर्भीक एवं स्वतंत्रतापूर्वक मतदान कराए। सुरक्षा के कड़े प्रबंध होंगे। किसी प्रकार से फर्जी मतदान नहीं होगा। जो हकीकत में मतदाता हैं वही मतदान करें। पोलिंग टीमों की रवानगी 28 नवंबर को सुबह सात बजे से पुलिस लाइन से होगी। कर्मचारी समय से पहुंचें।
एसएसपी डा.मनोज कुमार ने कहा कि हर बूथ पर सुरक्षा के बंदोबस्त हैं। हर मतदान केंद्र पर छह सिपाही, दो दरोगा एवं चार होमगार्ड तैनात होंगे। हर मतदान केंद्र पर जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट 15 से 20 मिनट के अंतर पर दस्तक देंगे। सीडीओ अशोक कुमार ने कहा कर्मचारी ड्यूटी कटवाने के बजाय खुद लोकतंत्र के महापर्व को सफल बनाने में सहयोग करें।
सहायक कार्मिक प्रभारी श्री किशन शर्मा ने कहा कि चतुर्थ मतदान अधिकारी मेयर पद की कंट्रोल यूनिट का प्रभारी एवं जबकि पीठासीन अधिकारी पार्षद पद की कंट्रोल यूनिट का प्रभारी होगा। उन्होंने कहा कि गत दिवस अनुपस्थित रहे 18 कार्मिकों में से नौ वापस आए हैं। जो कर्मचारी वापस नहीं लौटे उन पर कार्रवाई होगी।