फिरोजाबाद। मतदाता पुनरीक्षण में बीएलओ द्वारा मनमाने रूप से कार्य करना सामने आया है। जिन मतदाताओं के वोट बढ़ने थे, जिन्होंने फार्म भर दिए, उनके नाम सूची में शामिल करने के बाद दो-तीन बार एक ही मतदाता का नाम सूची में जोड़ दिया गया। गड़बड़ी के संबंध में प्रत्याशियों ने डीएम से लिखित शिकायत की है।
नगर निगम सीमा के अंतर्गत 439 बूथों के डोर-टू-डोर सर्वे के लिए 439 बीएलओ व 70 सुपरवाइजर लगाए गए। बीएलओ व सुपरवाइजर द्वारा कार्य में की गई लापरवाही अब सामने आने लगी है। पुनरीक्षण अभियान के दौरान जिन मतदाताओं ने सूची में शामिल करने के लिए फार्म भरकर दिए, उनके नाम जोड़ने के बजाए पुराने मतदाताओं को ही दो-दो, तीन-तीन बार नाम शामिल कर सूची को फाइनल कर दिया।
वार्ड 47 दुर्गेश नगर के भाग संख्या 290 में एक-एक वोटर के अलग-अलग नंबर पर दो से तीन वोट तक बने हुए हैं। बीएलओ द्वारा उन शिकायतों पर कोई गंभीरता नहीं दिखाई जा रही। कांग्रेस प्रत्याशी नुरुलहुदा लाला राइन का कहना है कि मतदाता सूची प्रकाशन के बाद लगातार शिकायत कर रहे हैं। जिला एवं नगर निगम प्रशासन को लिखित शिकायत की जा चुकी है लेकिन अभी तक सूची में गड़बड़ी दूर नहीं की गई।