भैया दूज पर्व पर बैंक के साथ ही एटीएम पर भी ताले लटके रहे। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। कार्ड धारक धन निकासी को इधर से उधर चक्कर काटते रहे, लेकिन एक भी एटीएम खुला नहीं मिला।
दीपोत्सव पर्व के चलते पिछले तीन दिन से बैंक बंद है। पर्व पर भी एटीएम प्रबंधन ने एटीएम में धन की व्यवस्था नहीं की। इस कारण एटीएम दो दिन बाद ही खाली हो गए। शनिवार को भैया दूज पर्व के चलते लोगों के पास उपहार खरीदने तक के पैसे नहीं थे। लोग एक एटीएम से दूसरे एटीएम पर भटकते रहे लेकिन पैसा नहीं मिला। कार्ड धारक मयंक विंदल ने बताया कि उसने नगर के सभी एटीएम तलाश लिए, लेकिन एक भी खुला नहीं मिला। भरत चांडक ने बताया कि शुक्रवार की रात से ही एटीएम बंद मिले। कार्ड धारक राजकुमार ने बताया कि उसे अपनी बहन के यहां बरेली जाना है। उसे बाजार से उपाहर, मिष्ठान आदि भी खरीदना है, लेकिन एटीएम बंद होने से वह धन की निकासी नहीं कर पाया। अधिकांश कार्ड धारक त्यौहार के मौके पर एटीएम बंद होने से मायूस हो गए।