एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र के पटियाली गेट स्थित एक निजी चिकित्सक के क्लीनिक पर गुरुवार देर शाम मरीज की मौत से गुस्साए परिवारीजनों ने हंगामा काटा। इस दौरान आक्रोशित युवकों ने क्लीनिक पर पथराव करते हुए तोड़-फोड़ कर दी। साथ ही जमकर उत्पात मचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया।
जानकारी के मुताबिक कोतवाली नगर क्षेत्र के पटियाली गेस्ट स्थित डा. जय प्रकाश सक्सेना के क्लीनिक पर गांव करनपुर के एक मरीज को विषाक्त खाने के बाद गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था। डाक्टर ने मरीज को गंभीर हालत में देख आगरा रेफर कर दिया। मरीज की आगरा ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। इसके बाद कुछ अज्ञात युवक क्लीनिक पर पहुंचे और हंगामा करने लगे। आक्रोशित युवकों ने क्लीनिक पर पथराव कर शीशे तोड़ दिए। साथ ही कुर्सियां, टेबल इधर-उधर फेंक दिए। तोड़फोड़ और हंगामा होते देख क्लीनिक में भगदड़ मच गई। इलाज करा रहे मरीजों में दहशत फैल गई। अज्ञात युवक हंगामा करने के बाद फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर डाक्टर से पूछताछ की। एसओ ने बताया कि सूचना मिलने पर फोर्स भेजा गया था। अब तक कोई तहरीर नहीं मिलनी है। डाक्टर भी कुुछ बताने की स्थिति में नहीं हैं।
पहले भी होती रही हैं घटनाएं
शहर में निजी चिकित्सकों के क्लीनिक पर सुरक्षा व्यवस्था का अभाव है। अक्सर मरीज की मौत के बाद परिवारीजन हंगामा और तोड़फोड़ करते हैं। पिछले दिनों ठंडी सड़क स्थित डाक्टर प्रदीप गुप्ता के क्लीनिक पर भी गुस्साए परिवारीजनों ने तोड़फोड़ की थी। आईएमए ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था प्रदान करने की मांग की है।