रेलवे जंक्शन पर शंटिंग लाइन पर मालगाड़ी की एक वैगन पटरी से उतर गया। इससे रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पर रेल प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। दुर्घटना कैसे और किन परिस्थितियों में हुई। इसको लेकर स्थानीय रेल प्रशासन के अधिकारी कोई जानकारी नहीं दे पा रहे।
गौरतलब है कि कासगंज से बोल्डर (पत्थर) लादकर 58 वैगन की गाड़ी पश्चिम बंगाल के किशनगंज जा रही थी। किशनगंज जाने के लिए रेलवे के यार्ड में ट्रेन ने शंटिंग की जा रही थी। जंक्शन तक एक बार यह ट्रेन आ चुकी थी। इसके बाद पुन: यार्ड की ओर वापस हुई। तभी शंटिंग लाइन संख्या 7 के 421/1 से हेक्टोमीटर खंभे के पास मालगाड़ी की एक बोगी अचानक बेपटरी हो गई, जो 421/2 हेक्टोमीटर खंभे के पास बेपटरी हो गई। इन दोनों खंभों के बीच करीब 110 मीटर की लंबाई है। वैगन के पटरी से उतरने के बाद स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए। वैगन के बेपटरी होते ही मालगाड़ी के शंटिंग चालक राशिद अली एवं शंटिंग मास्टर राजू ने मामले की जानकारी स्टेशन अधीक्षक को दी। रेलवे कंट्रोल को भी तत्काल मेसेज दिया गया। मालगाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होते ही स्टेशन का हूटर बज गया। रेल संसाधन से जुड़े अधिकारी, कर्मी दुर्घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े। रेल प्रशासन में काफी हड़कंप देखा गया। रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी और जवान भी मौके पर पहुंचे। शाम 6 बजे के बाद जेसीबी बुलाकर मालगाड़ी के वैगन में लदे बोल्डर को खाली कराया। पटरी की मरम्मत का कार्य चलता रहा। देर रात तक मालगाड़ी को ट्रैक पर रखकर रवाना करने के प्रयास किए गए। इस दौरान रेलवे के यातायात निरीक्षक डीके शर्मा, आईओडब्लू राकेश गौतम, लोको इंस्पेक्टर लाखन सिंह, वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधीक्षक डा.बी लाल, असिस्टेंट कमांडेंट कैलाश चंद्र मीणा, सीनियर सेक्सन इंजीनियर समाडि नेत्रपाल सिंह मौके पर निरीक्षण कर व्यवस्थाएं बना रहे थे।