मथुरा। रविवार की सुबह गोपाल नगर में रोडवेज बस की टक्कर से एक बालक की मौत हो गई। हादसे में पिता भी घायल हो गया। चालक बस को भगा ले गया तो गुस्साए परिजनों ने कोतवाली रोड पर जाम लगाकर हंगामा किया। बाद में अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। पिता-पुत्र साइकिल से देवस्थान के लिए जा रहे थे।
कोतवाली क्षेत्र के चौबियापाड़ा के गजा पाइसा निवासी राजकुमार चतुर्वेदी अपने 9 वर्षीय बेटे राघव चतुर्वेदी के साथ साइकिल से नए बस अड्डे के सामने गोपाल नगर में देव स्थान के लिए जा रहे थे। तभी सुबह 9:30 बजे हरियाणा रोडवेज की बस ने साइकिल में टक्कर मार दी। इससे बेटे ने मौके पर दम तोड़ दिया और पिता घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल पिता को अस्तपाल भिजवाया और बेटे के शव को पोस्टमार्टम भेजा।
उधर, बस चालक बस लेकर भाग निकला तो गुस्साए लोगों ने कोतवाली मार्ग जाम कर दिया। लोग बस चालक को पकड़ने की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट बंसतलाल अग्रवाल और सीओ सिटी जगदीश चंद सिंह ने किसी तरह लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। कोतवाली प्रभारी डीएन मिश्रा ने बताया कि हरियाणा रोडवेज की बस एचआर-58-8918 के चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।