कलक्ट्रेट सभागार में नेशनल प्रोग्राम फॉर डेवलपमेंट आफ स्पोर्ट्स-खेलो इंडिया के अंतर्गत आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की बात कही। बताया गया कि ग्रामीण मिनी स्टेडियम नगला पट्टी में 251.79 लाख रुपये से बहुउद्देशीय हॉल बनवाया जाएगा। इसका प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है।
जिलाधिकारी आरपी सिंह ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को अच्छे संसाधन मुहैया कराएं। जिले में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, अच्छे संसाधन और कोच मिलें तो यह प्रदेश और देश स्तर तक पहुंच सकते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को हताश न होने और अपनी प्रैक्टिस पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से जो भी सुविधाएं दी जाएंगी, उन्हें मुहैया कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि ग्रामीण मिनी स्टेडियम नगला पट्टी में 251.79 लाख रुपये से बहुउद्देशीय हॉल बनवाया जाएगा। इसमें बालीबाल, कुश्ती, बैडमिंटन, जिम्नास्टिक, टेनिस आदि खेलों की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। बैठक में सीडीओ श्रीनिवास मिश्र, सीएमओ, जिला युवा कल्याण अधिकारी मदन मोहन तिवारी, डीआईओएस, डीपीओ, अन्य संबंधित अधिकारी और जिले के कुछ पुरस्कृत खिलाड़ी उपस्थित रहे।