एटा। सड़कें चमचमाने लगीं हैं, बिजली पूरी आ रही है। नल से पानी आ रहा है। यही नहीं अस्पताल में भी बिस्तर साफ है। शहरवासी भी हैरान हैं कि जो सुविधाएं बार-बार शिकायत के बाद भी नहीं मिली वह अचानक कैसे मिल गईं? मिले भी क्यों नहीं सीएम आ रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर प्रशासन तैयारी में जुटा है।
इसलिए आ रहे हैं सीएम
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 26 फरवरी को जिले में मेडिकल कालेज का शिलान्यास करने आ रहे हैं। अधिकारी सीएम के आने को लेकर तैयारियों में कोई कसर छोड़ना नहीं चाहते। जिले के सभी आला अधिकारी अपने अपने कार्यों को पूरा करने के लिए दिन रात एक किए हैं।
सैनिक पड़ाव में मंच का निर्माण हुआ शुरू
सीएम के कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर हैं। सैनिक पड़ाव में मंच बनाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एटा महोत्सव के लिए तैयार कराए गए मंच से ही मेडिकल कालेज का शिलान्यास करेंगे। शुक्रवार को मशीनों के जरिए सैनिक पड़ाव में साफ-सफाई का काम चलता रहा। वहीं सीएम के कार्यक्रम के लिए जर्मन हैंगर पांडाल बनाने का काम शुरू हो गया है।
राजमार्ग पर लगाई गईं स्ट्रीट लाइटें
शहर की लाइफ लाइन राजमार्ग को सरकार के आने की खबर से दुरुस्त किया जा रहा है। कचहरी रोड समेत सारे सड़कों को करने में लगे हैं। सड़कों पर सफाई का काम तेजी से चल रहा है। पूरे राजमार्ग को स्ट्रीट लाइटों से जगमग किया जा रहा है।
जनसभा भी करेंगे सीएम
जिला प्रशासन को अभी तक मुख्यमंत्री का मिनट टू मिनट कार्यक्रम नहीं मिल सका है, लेकिन कार्यक्रम फाइनल ही माना जा रहा हैं। सीएम यहां जनसभा को भी संबोधित करेंगे। साथ ही भाजपा कोर कमेटी के साथ बैठक भी कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारी चल रही है। जल्द ही सीएम का फाइनल कार्यक्रम मिल जाएगा। सीएम एटा में मेडिकल कालेज का शिलान्यास करेंगे।
आईपी पांडेय, डीएम एटा
सैनिक पड़ाव में कार्यक्रम की तैयारी चल रहीं है। पांडाल का निर्माण शुरू हो गया है। शनिवार को फाइनल कार्यक्रम मिलने की उम्मीद है। सीएम जनता को भी संबोधित करेंगे।
संदीप जैन, जिला महामंत्री, भाजपा