मैनपुरी। जिले में 200 से अधिक विद्यालय बिना मान्यता के संचालित हो रहे हैं। शिक्षा विभाग ने इन स्कूलों पर कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। बीएसए ने सभी खंड शिक्षाधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। बिना मान्यता के संचालित स्कूलों की सूची तैयार करने का कहा गया है।
जनपद में बिना मान्यता के संचालित स्कूलों में छात्र-छात्राओं के साथ धोखा किया जा रहा है। छात्र-छात्राओं को गुमराह कर उनसे मनमानी फीस वसूली जाती है। जब उन्हें टीसी आदि या किसी प्रमाणपत्र की जरूरत होती है तो संबंधित स्कूल हाथ खड़ा कर देते हैं। यही नहीं परीक्षा के समय परीक्षार्थियों को दूर दराज परीक्षा देनी पड़ती है।
ऐसे स्कूलों तथा कालेजों की मनमानी को रोकने के लिए विभाग ने कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। शिकायत मिलने पर बीएसए ने खंड शिक्षाधिकारियों को क्षेत्रों में संचालित बिना मान्यता के स्कूलों की सूची तैयार कराने के निर्देश दिए हैं। इससे टीम गठित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई कराई जा सके।